PM आवास योजना में सरकारी राशि का दुरूपयोग करने वाले लाभार्थियों के खिलाफ दर्ज होगी एफआईआर बाड़मेर, 24 नवंबर। प्रधानमंत्री आवास योजना ग्रामीण ...
PM आवास योजना में सरकारी राशि का दुरूपयोग करने वाले लाभार्थियों के खिलाफ दर्ज होगी एफआईआर
बाड़मेर, 24 नवंबर। प्रधानमंत्री आवास योजना ग्रामीण की किश्त प्राप्त करने के उपरांत भी बिना उचित कारण आवास का निर्माण नहीं करके राजकीय राशि का दुरूपयोग करने वाले लाभार्थियों के खिलाफ पुलिस थानों में एफआईआर दर्ज कराई जाएगी। इस संबंध मे जिला परिषद के मुख्य कार्यकारी अधिकारी ने समस्त पंचायत समितियों के विकास अधिकारियों को निर्देश जारी किए है।
जिला परिषद के मुख्य कार्यकारी अधिकारी ओमप्रकाश विश्नोई ने बताया कि प्रधानमंत्री आवास योजना ग्रामीण में जिले की विभिन्न ग्राम पंचायतों में कई लाभार्थियों ने प्रथम एवं द्वितीय किश्त प्राप्त करने के उपरांत भी बिना किसी कारण के स्वीकृत आवास को पूर्ण नहीं कराया है। इससे योजना के उददेश्य के विरूद्ध राजकीय राशि का दुरूपयोग हुआ है। इसको गंभीरता से लेते हुए समस्त विकास अधिकारियों को संबंधित लाभार्थियों से दी गई राशि वसूल करके योजना के खाते में जमा करवाने एवं दोषी लाभार्थियों के खिलाफ संबंधित ग्राम विकास अधिकारियों के माध्यम से पुलिस थानों में एफआईआर दर्ज करवाने के निर्देश दिए गए है। मुख्य कार्यकारी अधिकारी विश्नोई ने बताया कि निर्देशों की पालना नहीं करने वाले ग्राम विकास अधिकारियों के खिलाफ नियमानुसार अनुशासनात्मक कार्यवाही की जाएगी।

कोई टिप्पणी नहीं